दलहनों के वैश्विक बाजार मूल्य में मिश्रित रुख

16-Jan-2026 08:36 PM

मुम्बई। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में 8 जनवरी की तुलना में 15 जनवरी वाले सप्ताह के दौरान उड़द एवं देसी चना के मूल्य में तेजी रही मसूर एवं हरी मटर का भाव नरम रहा। काबुली चना की कीमतों में भी गिरावट आई।

इसी तरह लाल मसूर एवं पीली मटर का दाम कमजोर रहा लेकिन तुवर के मूल्य में स्थिरता या थोड़ी मजबूती रही। भारत में तुवर, उड़द, देसी चना, मसूर एवं पीली मटर का आयात होता है। 

समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान भारत को शिपमेंट के लिए उड़द का निर्यात ऑफर मूल्य सीएनएफ आधार पर जनवरी-फरवरी डिलीवरी के वास्ते ब्राजील में 940 डॉलर से सुधरकर 945 डॉलर प्रति टन तथा म्यांमार में 790 डॉलर से सुधरकर 525 डॉलर प्रति टन पर पहुंचा। 

दूसरी ओर भारत में जनवरी-फरवरी शिपमेंट के लिए कनाडा में हरी मसूर का ऑफर मूल्य 640 डॉलर से गिरकर 635 डॉलर प्रति टन रह गया जबकि लाल मसूर का दाम भी 550 डॉलर से फिसलकर 545 डॉलर प्रति टन पर आ गया। ऑस्ट्रेलियाई लाल मसूर का ऑफर मूल्य 525 डॉलर प्रति टन के पिछले स्तर पर बरकरार रहा। 

जहां तक पीली मटर की बात है तो भारत में शिपमेंट के लिए इसका सीएनएफ ऑफर मूल्य सीएनएफ ऑफर मूल्य कनाडा में 360 डॉलर प्रति टन के पिछले स्तर पर स्थिर रहा मगर रूस तथा यूक्रेन में यह 340 डॉलर से गिरकर 335 डॉलर प्रति टन रह गया। 

तुवर के निर्यात ऑफर मूल्य में कुछ उतार-चढ़ाव रहा। तंजानिया में ऑफर मूल्य 575 डॉलर से गिरकर 570 डॉलर प्रति टन पर आया और मोजाम्बिक में 650 डॉलर प्रति टन पर स्थिर रहा

जबकि म्यांमार में 790 डॉलर से उछलकर 810 डॉलर प्रति टन और मलावी में 590 डॉलर से बढ़कर 600 डॉलर प्रति टन पर पहुंच गया।

भारतीय काबुली चना के निर्यात ऑफर मूल्य में तुर्की एवं संयुक्त अरब अमीरात के लिए 10-10 डॉलर प्रति टन की गिरावट दर्ज की गई।