यूक्रेन से मटर एवं सूरजमुखी के निर्यात में गिरावट

31-Mar-2025 03:51 PM

कीव। काला सागर क्षेत्र में अवस्थित देश- यूक्रेन से यद्यपि दिसम्बर 2024 की तुलना में जनवरी 2025 के दौरान मटर एवं सूरजमुखी के निर्यात में बढ़ोत्तरी हुई मगर सीजनल आधार पर शिपमेंट में काफी गिरावट दर्ज की गई।


उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार यूक्रेन से मटर का निर्यात दिसम्बर 2024 के 9,057 टन से बढ़कर जनवरी 2025 में 13,602 टन पर पहुंच गया।


जनवरी 2025 में यूक्रेन में तुर्की को सर्वाधिक 8197 टन, मलेशिया को 1275 टन तथा पाकिस्तान को 802 टन मटर का निर्यात किया गया।


लेकिन चालू मार्केटिंग सीजन में जनवरी 2025 तक यूक्रेन से मटर का कुल निर्यात 21,936 टन तक ही पहुंच सका जो पिछले सीजन की समान अवधि के शिपमेंट 35,537 टन से काफी कम रहा। 


जहां तक साबुत सूरजमुखी (सनफ्लवार सीड) का सवाल है तो इसका निर्यात प्रदर्शन भी मटर जैसा ही रहा। इसके तहत यूक्रेन से सूरजमुखी का निर्यात दिसम्बर 2024 के 1085 टन से उछलकर जनवरी 2025 में 20,120 टन पर पहुंचा मगर सीजनल आधार पर यह जनवरी 2025 तक केवल 32,857 टन पर पहुंच सका


जो पिछले मार्केटिंग सीजन के जनवरी 2024 तक के शिपमेंट 53,229 टन से काफी कम था। जनवरी 2025 के दौरान यूक्रेन से फ्रांस को सबसे अधिक 19,080 टन सूरजमुखी सीड का शिपमेंट किया गया जबकि तुर्की को 265 टन तथा चेक गणराज्य को 223 टन का निर्यात किया गया।


यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह को रूस ने बम एवं मिसाइल के भीषण प्रहार से क्षत- विक्षत कर दिया है और काला सागर से यूक्रेनी जहाजों का आवागमन भी ठप्प पड़ गया है। भारत में यूक्रेन से सूरजमुखी तेल का आयात किया जाता है।