यूक्रेन से सूरजमुखी तेल के निर्यात में जबरदस्त गिरावट

26-Mar-2025 03:02 PM

कीव। काला सागर क्षेत्र में अवस्थित रूस के पड़ोसी देश- यूक्रेन से सूरजमुखी तेल का निर्यात घटकर इस बार पिछले आठ वर्षों के निचले स्तर पर सिमट गया है।

इसके कुल निर्यात के 54 प्रतिशत भाग का आयात यूरोपीय संघ द्वारा किया गया। चालू मार्केटिंग सीजन के शेष महीनों में वहां से करीब 20 लाख टन सूरजमुखी तेल का शिपमेंट हो सकता है क्योंकि 1 मार्च 2025 को यूक्रेन में करीब 60-70 लाख टन सूरजमुखी का स्टॉक बचा हुआ था।

लेकिन इसका भाव काफी ऊंचा होने तथा तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव आने से निर्यात प्रदर्शन प्रभावित होने की आशंका है। 

आगामी समय में दाम बढ़ने की उम्मीद से यूक्रेन के उत्पादक सूरजमुखी का स्टॉक दबाए हुए हैं और सीमित मात्रा में इसकी बिक्री कर रहे हैं। उच्च ओलिव अंश वाले सूरजमुखी तेल का ऑफर मूल्य यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह पर चीन को निर्यात के लिए सीआईएफ आधार पर 1590 डॉलर प्रति टन तथा क्रूड सूरजमुखी तेल का ऑफर मूल्य 1160 डॉलर प्रति टन बताया जा रहा है।

खरीदारों की ओर से 1140-1145 डॉलर प्रति टन की बोली लगाई जा रही है। रिफाइंड सूरजमुखी तेल का एफसीए ऑफर मूल्य 1220 डॉलर प्रति टन तथा बोतल बंद तेल का दाम 1.28 डॉलर प्रति लीटर बताया जा रहा है। 

उधर रूस से सूरजमुखी तेल का निर्यात 2023-24 सीजन की तुलना में 9 प्रतिशत बढ़कर 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन में 25.10 लाख टन पर पहुंच गया है जबकि सम्पूर्ण मार्केटिंग सीजन के दौरान वहां से इसका कुल निर्यात 52 लाख टन से बढ़कर 55 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया गया है।

भारत सहित अनेक देशों में रूस से भारी मात्रा में सूरजमुखी तेल का आयात किया जा रहा है। वहां सूरजमुखी एवं इसके तेल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और निर्यात में बढ़ोत्तरी होने के बावजूद इसके घरेलू प्रभाग में इसका अभाव होने की संभावना नहीं है। 

रूस से चीन के शंघाई बंदरगाह तक पहुंच के लिए कंटेनरों में सूरजमुखी तेल का भाव 1185 डॉलर प्रति टन बताया जा रहा है।

रूसी बंदरगाह पर क्रूड सूरजमुखी तेल का निर्यात ऑफर मूल्य 1020-1050 डॉलर प्रति टन तथा रिफाइंड सूरजमुखी तेल का भाव 1100 डॉलर प्रति टन चल रहा है।

अप्रैल के लिए इस पर 54 डॉलर प्रति टन का निर्यात शुल्क लागू होने की संभावना है। रूस की मुद्रा रूबल की विनिमय दर डॉलर के सापेक्ष मजबूत होने से निर्यात पर कुछ असर पड़ सकता है।