अमरीका और भारत की शुल्क नीति से कनाडाई मसूर का बाजार अभी प्रभावित नहीं
06-Mar-2025 08:27 PM
रेगिना। चालू सप्ताह के दौरान कनाडाई मटर बाजार में ज्यादा परिवर्तन नहीं देखा जा रहा है जबकि अमरीका और भारत में इसके लिए शुल्क नीति में बदलाव हो गया है।
व्यापार विश्लेषकों के अनुसार अमरीका में 25 प्रतिशत का सीमा शुल्क लागू होने का कनाडाई मटर बाजार पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा क्योंकि वहां अत्यन्त सीमित मात्रा में इसका निर्यात किया जाता है।
लेकिन यदि भारत में ऊंचे स्तर पर सीमा शुल्क लगाया जाता है तथा पुरानी कठोर शर्तें लागू की जाती हैं तो कनाडा पर भारी असर पड़ सकता है। वर्ष 2024 में कनाडा से पीली मटर का सर्वाधिक निर्यात भारत को ही किया गया था।
भारत में पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की समयसीमा 28 फरवरी 2025 को समाप्त हो गई और इसे आगे बढ़ाने के लिए सरकार ने कोई अधिसूचना भी जारी नहीं की है। अगले कुछ दिनों में स्थिति और भी स्पष्ट होने वाली है।
पश्चिमी कनाडा की मंडियों में पीली मटर का भाव एफओबी फार्म आधार पर 10.00-10.50 डॉलर प्रति बुशेल के बीच स्थिर बना हुआ है जबकि आगामी नई फसल के लिए अग्रिम अनुबंध मूल्य करीब 9 डॉलर प्रति बुशेल बताया जा रहा है।
इसी तरह हरी मटर का दाम 16-17 बुशेल प्रति बुशेल के पुराने स्तर पर बरकरार है। यदि भारत जैसे विशाल बाजार में निर्यात प्रभावित हुआ तो कनाडा में न केवल मटर की कीमतों में नरमी का माहौल बन सकता है बल्कि इसके बिजाई क्षेत्र में गिरावट आने की आशंका भी बनी रहेगी। अगले महीने से वहां बिजाई का अभियान आरंभ होने वाला है।
एक अन्य प्रमुख आयातक देश- चीन में भी कनाडाई मटर की मांग कमजोर पड़ गई है क्योंकि वहां रूस से इसका आयात बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
वैसे हरी मटर एवं मापले मटर का बाजार काफी हद तक स्थिर या मजबूत रहने के आसार हैं क्योंकि इसके आयातक देशों में स्थिति सामान्य बनी हुई है। भारत में केवल पीली मटर के आयात की अनुमति दी गई थी।
