अनुकूल मौसम से कनाडा में मसूर फसल की अच्छी प्रगति

18-Jun-2026 05:03 PM

वैंकुवर। कनाडा के प्रेयरीज संभाग में मसूर की बिजाई पूरी हो गई है और मौसम की हालत अनुकूल रहने से फसल की प्रगति भी बेहतर ढंग से हो रही है। मसूर के बाजार भाव में ज्यादा बदलाव नहीं देखा जा रहा है। फसल की अच्छी हालत से बाजार पर दबाव पड़ने लगा है। 

एक तरफ कनाडा में फसल की हालत अच्छी है तो दूसरी ओर भारत में बारिश के अभाव एवं अल नीनो के प्रभाव से खरीफ कालीन दलहनों और खासकर अरहर (तुवर) का उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। चूंकि मसूर को तुवर का अच्छा विकल्प माना जाता है इसलिए इसका आयात बढ़ाने का प्रयास किया जा सकता है। 

उधर ऑस्ट्रेलिया में भी लाल मसूर का शानदार उत्पादन होने की उम्मीद है क्योंकि न केवल बिजाई क्षेत्र में इजाफा हुआ है बल्कि मौसम की हालत भी प्रमुख उत्पादक राज्यों में अनुकूल बनी हुई है।

इसके फलस्वरूप आगामी महीनों के दौरान मसूर के वैश्विक निर्यात बाजार में इन दोनों शीर्ष आपूर्तिकर्ता देशों के बीच जोरदार प्रतिस्पर्धा रह सकती है। कनाडा में लाल मसूर एवं मोटी हरी मसूर का भाव लगभग समान स्तर पर चल रहा है।