महाराष्ट्र एवं तेलंगाना में अगले 5 दिन में पहुंच सकता है मानसून
18-Jun-2026 06:12 PM
तिरुअनन्तपुरम। अन्तर्राष्ट्रीय सीमा के आरपार शुष्क पश्चिमी हवा के प्रवाह के उत्तरी एवं पश्चिमोत्तर भारत से प्रवाहित वायु ने बंगाल की खाड़ी से दक्षिण-पूर्वी दिशा की ओर मानसून के आगे बढ़ने का रस्ता रोक दिया है।
इससे मानसून में ठहराव आ गया। लेकिन धीरे-धीरे शुष्क पश्चिमी हवा की ताकत एवं गतिशीलता घटती जा रही है जिससे अगले सप्ताह मानसून को पश्चिमी तट की ओर बढ़ने का अवसर मिल जाएगा।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून की उत्तरी सीमा एक सप्ताह से स्थिर है और इसका विस्तार महाराष्ट्र में हरनई एवं सोलापुर, तेलंगाना में हैदराबाद, भद्रादि तथा कोठागुडेम, आंध्र प्रदेश में कलिंगपट्टिनम, उड़ीसा में पारादीप एवं बाड़ीपाड़ा, पश्चिम बंगाल में चुरुलिया तथा झारखंड में धनबाद से लेकर बिहार के मुजफ्फरपुर तक फैला हुआ है।
अगले चार-पांच दिनों में परिस्थितियां मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल हो जाने की उम्मीद है जिससे यह महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, झारखंड तथा बिहार और दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ भागों में सक्रिय हो सकता है। इससे वहां अच्छी बारिश होने के आसार हैं।
