अर्जेन्टीना में सोयाबीन का उत्पादन अनुमान 480 लाख टन पर स्थिर

06-Mar-2025 05:34 PM

ब्यूनस आयर्स। लैटिन अमरीकी देश- अर्जेन्टीना में 2024-25 के वर्तमान सीजन के लिए सोयाबीन का उत्पादन अनुमान 480 लाख टन पर बरकरार रखा गया है क्योंकि पिछले सप्ताह कई क्षेत्रों में हुई वर्षा से फसल को राहत मिली है। खेतों की मिटटी में नमी का अंश बढ़ने से इन इलाकों में सूखे की तीव्रता कुछ घट गई।

चालू सप्ताह के दौरान देश के मध्यवर्ती एवं दक्षिणी क्षेत्रों  में अच्छी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई थी। यदि बारिश अच्छी हुई तो सूखे का संकट काफी हद तक टल सकता है। 

अर्जेन्टीना दुनिया में ब्राजील तथा अमरीका के बाद सोयाबीन का तीसरा सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि सोया तेल एवं सोयामील के निर्यात में प्रथम स्थान पर रहता है। भारत में सोयाबीन तेल का सर्वाधिक आयात अर्जेन्टीना से ही किया जाता है। 

कई इलाकों में बारिश होने के कारण अर्जेन्टीना में सोयाबीन फसल की रेटिंग में लगातार दूसरे सप्ताह सुधार दर्ज किया गया। वहां फसल की हालत अब जनवरी-फरवरी की तुलना में ज्यादा स्थिर देखी जा रही है।

इसके फलस्वरूप उत्पादन अनुमान में अब कोई कटौती नहीं हुई है और इसे 480 लाख टन के पिछले स्तर पर बरकरार रखा गया है। 

कोर उत्पादक इलाकों में सोयाबीन की अगैती बिजाई वाली फसल में दाना लगने और इसका भराव (पुष्ट) होने की प्रक्रिया पहले ही आरंभ हो चुकी है।

वहां नमी का सामान्य अंश मौजूद होने से फसल की हालत अच्छी बताई जा रही है। लेकिन देश के उत्तरी क्षेत्र में बारिश और नमी का अभाव देखा जा रहा है जबकि वहां भी दाना लगना आरंभ हो गया है।

डबल क्रॉप सोयाबीन के पौधे अपेक्षाकृत कम उगे है और इसकी हालत भी अच्छी नहीं बताई जा रही है। शुष्क एवं गर्म मौसम से फसल की प्रगति बाधित हुई और उसमें दाने की संख्या घट गई।

हाल की वर्षा से फसल को कुछ फायदा होने की उम्मीद है। अर्जेन्टीना में सोयाबीन की 3 प्रतिशत फसल को कमजोर या खराब स्थिति में आंका गया है जबकि 43 प्रतिशत फसल को सामान्य एवं 24 प्रतिशत को बहुत अच्छा माना गया है।