बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दाब का बनने से कई क्षेत्रों में बारिश के आसार

23-Sep-2025 08:49 PM

तिरुअनन्तपुरम। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून गुजरात, राजस्थान, पंजाब  तथा हरियाणा के अधिकांश भाग से 22 सितम्बर को प्रस्थान कर गया तथा पश्चिमी एवं पश्चिमोत्तर भारत के कई अन्य इलाकों से इसकी विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं। अगले कुछ दिनों में मानसून उत्तर प्रदेश के कुछ भागों, दिल्ली, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश एवं जम्मू कश्मीर से वापस लौट जाएगा। 

लेकिन देश के पूर्वी एवं दक्षिणी भाग से मानसून के निकलने के रास्ते में अवरोध उत्पन्न होने की संभावना है। मौसम ने बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दाब के एक नए क्षेत्र की उत्पत्ती की पुष्टि करते हुए कहा है कि सप्ताह के अंत तक यह एक डिप्रेशन में बदल सकता है मानसून को विदाई के रास्ते में आगे बढ़ने में कठिनाई हो सकती है। 

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दाब का क्षेत्र मौजूद है और उसके निकटवर्ती भाग में वह डिप्रेशन बनने की संभावना है जो दक्षिण चीन सागर में उत्पन्न डिप्रेशन- मिताग के अवशेष का भाग है।

यह आगामी दिनों में पश्चिम एवं उत्तर पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ेगा इसके फलस्वरूप 25 सितम्बर से अगले तीन दिनों तक आंध्र प्रदेश, उड़ीसा एवं पश्चिम बंगाल के तटवर्ती जिलों में बारिश हो सकती है।

इसके अलावा छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश एवं विदर्भ  में भी कुछ दिनों के अंदर कहीं सामान्य और कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है।