भारत में आपूर्ति के लिए निर्यातक देशों में दलहनों का ऑफर मूल्य नरम
29-May-2026 05:55 PM
मुम्बई। दलहनों के प्रमुख आपूर्तिकर्ता देशों में भारत को शिपमेंट के लिए ऑफर मूल्य में 21 मई की तुलना में 28 मई को कुछ नरमी दर्ज की गई। ब्राजील में मई-जून शिपमेंट के लिए उड़द का निर्यात ऑफर मूल्य 885 डॉलर से गिरकर 880 डॉलर प्रति टन और म्यांमार में 905 डॉलर से घटकर 895 डॉलर प्रति टन रह गया। म्यांमार उड़द का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता देश है।
जहां तक देसी चना का सवाल है तो भारत में आपूर्ति के लिए ऑस्ट्रेलिया में इसका ऑफर मूल्य 610 डॉलर प्रति टन पर स्थिर रहा जिसमें शिपमेंट खर्च भी शामिल हैं। लेकिन कनाडाई हरी मसूर का निर्यात मूल्य 610 डॉलर से सुधरकर 615 डॉलर प्रति टन पर पहुंच गया। रूस में यह 505 डॉलर प्रति टन पर स्थिर बना रहा।
भारत में हरी मटर का आयात नहीं होता है और काबुली चना भी बहुत कम मंगाया जाता है। दूसरी ओर भारत से काबुली चना का अच्छा निर्यात होता है। तुर्की एवं संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को शिपमेंट की लिए भारतीय काबुली चना के निर्यात ऑफर मूल्य में 5-10 डॉलर प्रति टन की नरमी दर्ज की गई।
भारत में तुवर का आयात मुख्यतः म्यांमार एवं अफ्रीकी देशों से होता है। समीक्षाधीन अवधि के दौरान तुवर का निर्यात मूल्य (सीएनएफ आधार पर) भारत में आपूर्ति के लिए तंजानिया में स्थिर रहा मगर मोजाम्बिक में 655 डॉलर से घटकर 640 डॉलर प्रति टन तथा म्यांमार में 830 डॉलर से गिरकर 825 डॉलर प्रति टन रह गया
जबकि मलावी में यह 605 डॉलर से सुधरकर 610 डॉलर प्रति टन पर पहुंच गया। लाल मसूर का निर्यात मूल्य कनाडा 610 डॉलर तथा ऑस्ट्रेलिया में 580 डॉलर प्रति टन पर स्थिर रहा। जहां तक पीली मटर की बात है तो कनाडा में इसका निर्यात मूल्य 385 से फिसलकर 380 डॉलर प्रति टन तथा रूस / यूक्रेन में 330 डॉलर से गिरकर 328 डॉलर प्रति टन रह गया।
