रिकॉर्ड उत्पादन एवं भारी आवक से गेहूं की सरकारी खरीद बढ़ी

29-May-2026 07:59 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने अपने तीसरे अग्रिम अनुमान में 2025-26 के रबी सीजन में गेहूं का कुल घरेलू उत्पादन तेजी से बढ़कर 1206.60 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने की संभावना व्यक्त की है जो 2024-25 सीजन से समीक्षित उत्पादन 1179.40 लाख टन से काफी अधिक है। इस बार गेहूं का बिजाई क्षेत्र रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था। 

सरकारी क्रय केन्द्रों पर इस वर्ष गेहूं की विशाल आवक हुई जिससे सरकार को इसकी खरीद का लक्ष्य बार-बार बढ़ाना पड़ रहा है। शुरुआती चरण में केन्द्रीय पूल के लिए 303 लाख टन गेहूं की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया था जिसे दूसरे चरण में 42 लाख टन बढ़ाकर 345 लाख टन तथा तीसरे चरण में एक लाख टन बढ़ाकर 346 लाख टन नियत किया गया।

अब चौथे चरण की वृद्धि का इंतजार है क्योंकि खरीद का लक्ष्य पहले ही हासिल हो चुका है जबकि मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश एवं राजस्थान जैसे प्रांतों में खरीद की प्रक्रिया अभी जारी है। मध्य प्रदेश में गेहूं की खरीद लक्ष्य से आगे निकल गई है।