खरीफ सीजन के लिए राज्यों को मिला स्पष्ट कृषि रोडमैप
29-May-2026 07:53 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्री ने देश के सभी राज्यों से कहा है कि कृषक समुदाय के हित में अब तेजी से निर्णय लेने और विभिन्न योजनाओं तथा कार्यक्रमों पर गम्भीरतापूर्वक अमल करने का समय आ गया है। राष्ट्रीय खरीफ सेमिनार 2026 के दो दिवसीय कार्यक्रम में भाग लेते हुए केन्द्रीय कृषि मंत्री ने राज्यों को कृषि क्षेत्र के लिए स्पष्ट रोडमैप देते हुए कहा कि बीज से लेकर बाजार तक कृषि व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त तथा व्यवस्थित होनी चाहिए ताकि किसानों को किसी भी स्तर पर कोई कठिनाई न हो।
कृषि मंत्री का कहना था कि कृषि विकास एवं विस्तार को नई रफ्तार देने के लिए सभी सम्बन्ध पक्षों को एक साथ मिलकर काम करना होगा क्योंकि सबकी सहभागिता से ही सफलता सुनिश्चित हो सकती है। कृषि मंत्री के अनुसार खेती की दशा और दिशा तथा किसानों के हितों की सुरक्षा के साथ-साथ सम्पूर्ण व्यवस्था में सुधार लाने पर भी ध्यान दिया जाना
आवश्यक है। उन्होंने नकली बीज तथा घटिया कीटनाशकों की बिक्री करने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और इस सम्बन्ध में अधिकारियों / कार्मिकों की लापरवाही या निष्क्रियता अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी वहीं राज्यों को अपना कृषि रोडमैप तैयार करने का सुझाव देते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि तमाम सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक किसान तक पहुंचने का ठोस प्रयास किया जाना चाहिए ताकि उसकी खुशहाली बढ़ सके।
कृषि मंत्री के मुताबिक 1 जून 2026 से समूचे देश में खेत बचाओं अभियान आरंभ किया जा रहा है जिसे जन आंदोलन में बदलने की आवश्यकता है। सभी राज्यों को कृषि क्षेत्र में आवश्यक सुधार करना चाहिए और खासकर किसानों के लिए नियमों को सरल बनाना चाहिए। ज्ञात हो कि इस वर्ष अल नीनो के आने से मानसून के कमजोर पड़ने की आशंका है जिसे देखते हुए कृषि मंत्रालय को अतिरिक्त तैयारी करनी पड़ रही है।
