ब्राजील में सोयाबीन की 50 प्रतिशत फसल की कटाई पूरी

07-Mar-2025 07:13 PM

सोरिसो। पिछले सप्ताह की जोरदार बारिश से ब्राजील के पश्चिमोत्तर क्षेत्र में सोयाबीन की फसल को काफी राहत मिली लेकिन चालू सप्ताह के दौरान कहीं-कहीं छिटपुट वर्षा दर्ज की गई।

सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य-माटो ग्रोसों में फसल की हालत अच्छी है लेकिन देश के अन्य भागों में सूखे का प्रकोप बढ़ने की संभावना है। समूचे दक्षिणी ब्राजील में तापमान सामान्य औसत से ऊंचा चल रहा है। 

दुनिया में सोयाबीन के सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश- ब्राजील में पिछले सप्ताह के अंत तक इस महत्वपूर्ण फसल की 50 प्रतिशत कटाई-तैयारी पूरी हो चुकी थी

जो गत वर्ष की समान अवधि में 48 प्रतिशत दर्ज की गई थी। साप्ताहिक आधार पर फसल की कटाई में 11 प्रतिशत की वृद्धि हुई। 

माटो ग्रोसो प्रान्त में सोयाबीन की 82 प्रतिशत फसल काटी जा चुकी है जो गत वर्ष से कुछ पीछे और पंचवर्षीय औसत से कुछ आगे है।

इस बार प्रतिकूल मौसम एवं प्राकृतिक आपदाओं के कारण राज्य में सोयाबीन की बिजाई में देर हो गई थी इसलिए इसकी कटाई-तैयारी भी विलम्ब से शुरू हुई।

माटो ग्रोसो में आमतौर पर सोयाबीन की उपज दर बेहतर देखी जा रही है जबकि कहीं-कहीं इसमें थोड़ी गिरावट भी आई है। चालू माह के मध्य तक राज्य में फसल की कटाई पूरी हो जाने की संभावना है। 

दूसरे सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य- पराना में 50 प्रतिशत सोयाबीन फसल की कटाई पूरी होने की सूचना मिल रही है। राज्य में गर्म एवं शुष्क मौसम को देखते हुए सोयाबीन के उत्पादन अनुमान में कुछ कटौती कर दी गई है।

एक सरकारी एजेंसी ने पराना राज्य में 212 लाख टन सोयाबीन के उत्पादन की संभावना व्यक्त की है जो आरंभिक अनुमान से 4.7 प्रतिशत कम है। 

सुदूर दक्षिणी प्रान्त- रियो ग्रैंड डो सूल में भी सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी आरंभ हो गई है। वहां इसकी प्रक्रिया सबसे अंत में शुरू होती है।

गत सप्ताह तक केवल 1 प्रतिशत फसल की कटाई हुई थी जबकि फसल अब तेजी से पकने लगी है। हालांकि आमतौर पर रियो ग्रैंड डो सूल को ब्राजील में सोयाबीन का तीसरा सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य माना जाता है लेकिन इस बार गोईआस प्रान्त उससे आगे निकल सकता है।