चावल का तीसरा सबसे बड़ा निर्यातक एवं आयातक देश बना वियतनाम

25-Nov-2024 03:10 PM

हो ची मिन्ह सिटी । दक्षिण-पूर्व एशिया में अवस्थित वियतनाम पिछले अनेक वर्षों से भारत और थाईलैंड के बाद दुनिया में चावल का तीसरा सबसे प्रमुख चावल निर्यातक देश बना हुआ है लेकिन इसके साथ यह अजीब संयोग भी जुड़ गया है कि वह चावल का तीसरा सबसे बड़ा आयातक भी हो गया है। 

विएतनाम के कृषि एवं ग्रामीण-विकास मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों से पता चलता है कि वर्तमान कैलेंडर वर्ष के आरंभिक 10 महीनों में यानी जनवरी से अक्टूबर 2024 के दौरान वियतनम से लगभग 78 लाख टन चावल का निर्यात हुआ जिससे 4.90 अरब डॉलर की शानदार आमदनी हुई यह निर्यात गत वर्ष की समान अवधि की तुलना में करीब 23 प्रतिशत ज्यादा है। इंडोनेशिया, फिलिपींस एवं मलेशिया वियतनामी चावल के परम्परागत आयातक देश हैं। 

दूसरी ओर इसी अवधि के दौरान वियतनाम में विदेशों से चावल का आयात 73 प्रतिशत की जोरदार बढ़ोत्तरी के साथ 32 लाख टन पर पहुंच गया जी पर करीब  1.20 अरब डॉलर की राशी खर्च हुई। ध्यान देने की बात है कि इसके साथ ही वियतनाम अब फिलीपींस तथा इंडोनेशिया के बाद दुनिया में चावल का तीसरा सबसे बड़ा आयातक देश बन गया।

दरअसल वियतनाम अब अच्छी क्वालिटी के सुगंधित चावल के निर्यात पर विशेष जोर दे रहा है जिसका औसत इकाई निर्यात ऑफर मूल्य काफी ऊंचा रहता है। दूसरी ओर घरेलू मांग एवं खपत को पूरा करने के लिए वह विदेशों से सस्ते चावल का भारी आयात करने लगा है। 

फसल उत्पादन विभाग ने इस वर्ष वियतनाम में 430 लाख टन धान के उत्पादन का अनुमान लगाया है जिससे चावल की घरेलू मांग पूरी हो जाएगी और 80 लाख टन के निर्यात शिपमेंट के लिए भी इसका पर्याप्त स्टॉक मौजूदा रहेगा। वहां से इस वर्ष चावल का कुल निर्यात बढ़कर 5 अरब डॉलर के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने की उम्मीद है।