डि-ऑयल राइस ब्रान के निर्यात पर लगी रोक को हटाने का आग्रह
22-Sep-2025 08:55 PM
मुम्बई। सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) ने एक बार फिर केन्द्र सरकार से राइसब्रान एक्सट्रैक्शन (डि- ऑयल राइस ब्रान या डीओआरबी) के निर्यात पर पिछले दो साल से लगे प्रतिबंध को हटाने का आग्रह किया है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष का कहना है कि घरेलू प्रभाग में आपूर्ति एवं उपलब्धता की जटिलता का हवाला देकर सरकार ने जुलाई 2023 में डीओआरबी के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया था
जबकि उससे पूर्व देश से 5-6 टन डि ऑयल राइस ब्रान का वार्षिक निर्यात हो रहा था। इससे जहां देश को बहुमूल्य विदेशी मुद्रा हासिल हो रही थी वहां उद्योग को भी अपना स्टॉक घटाने में सहायता मिल रही थी। लेकिन प्रतिबंध लगने के बाद स्थिति बदल गई।
एसोसिएशन द्वारा बार-बार सरकार से इस प्रतिबंध को हटाने का आग्रह किया जाता रहा है क्योंकि इससे राइस ब्रान उद्योग को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सीमित घरेलू मांग के कारण राइस ब्रान एक्सट्रैक्शन का भाव घटकर काफी नीचे आ गया है जबकि मिलों के पास स्टॉक काफी बढ़ गया है।
पहले वियतनाम, थाईलैंड एवं ताईवान सहित सहित- दक्षिण-पूर्व एशिया के अन्य देशों में भारत से भारी मात्रा में डीओआरबी का निर्यात हो रहा था और ये बाजार अब भी इसकी खरीद के लिए तैयार हैं मगर प्रतिबंध के कारण भारतीय निर्यातकों को इस अवसर का लाभ उठाने में कामयाबी नहीं मिल रही है।
राइस ब्रान एक्सट्रैक्शन के अंतर्राष्ट्रीय निर्यात बाजार में एक विश्वसनीय आपूर्ति करता के साथ में अपनी मजबूत पोजीशन बनाने में भारत को लम्बे समय तक कठिन परिश्रम करना पड़ा था मगर सरकारी नीति से यह व्यर्थ होता जा रहा है।
