गुजरात तथा उत्तर प्रदेश में दलहन-तिलहन की खरीद को मिली मंजूरी
23-Sep-2025 08:46 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्री ने उत्तर प्रदेश तथा गुजरात में प्रमुख खरीफ कालीन दलहन एवं तिलहन की खरीद करने के प्रस्ताव को अनुमोदित कर दिया है।
तिलहन फसलों के संवर्ग में गुजरात में मूंगफली, सोयाबीन तथा उत्तर प्रदेश में तिल एवं मूंगफली की खरीद होगी। दोनों राज्यों में मूंग की खरीद भी की जाएगी।
यह खरीद किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर होगी जिसकी घोषणा पहले ही की जा चुकी है। इसके लिए 13,890.60 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है।
केन्द्रीय कृषि मंत्री के अनुसार किसानों से उड़द एवं तुवर की शत- प्रतिशत खरीद की जाएगी और खरीद की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकारों को आवश्यक निर्देश दिए गए है और धनराशि का निर्धारित भी किया गया है।
केन्द्रीय कृषि मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित एक वर्चुअल मीटिंग में गुजरात तथा उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री, केन्द्रीय कृषि सचिव तथा दोनों राज्यों एवं केन्द्र के वरिष्ठ कृषि अधिकारी उपस्थित थे।
दोनों राज्यों के कृषि मंत्री ने केन्द्र को आश्वस्त किया कि किसानों से दलहन-तिलहन की खरीद आधुनिक बायोमेट्रिक प्रणालीकरण तथा पीओएस मशीन व्यवस्था के साथ की जाएगी। डिजीटल पोर्टल के माध्यम से होने वाली खरीद में गड़बड़ी की गुंजाईश नहीं रहेगी।
इस मीटिंग में मौजूदा खरीफ सीजन के दौरान उत्तर प्रदेश में 2,27,800 टन, उड़द, 1,13,780 टन तुवर तथा 1983 टन मूंग की खरीद की स्वीकृति दी गई। इसके अलावा 30,410 टन तिल तथा 99,438 टन मूंगफली की खरीद का प्रस्ताव भी स्वीकार किया गया।
उधर गुजरात में 47,780 टन उड़द, 1,09,905 टन सोयाबीन, 12,62,163 टन मूंगफली, 4415 टन मूंग की खरीद स्वीकृत की गई है।
कृषि मंत्री के अनुसार खरीद की यह मात्रा अंतिम नहीं है और 2025-26 सीजन के प्रथम अग्रिम उत्पादन अनुमान के आधार पर इसमें संशोधन- परिवर्तन हो सकता है।
ज्ञात हो कि गुजरात देश में मूंगफली का सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त है। उत्तर प्रदेश एवं गुजरात में दलहन-तिलहन फसलों की आवक अगले महीने से जोर पकड़ने की संभावना है।
