हरियाणा में 23 सितम्बर से बाजरा तथा मूंग की खरीद होगी शुरू

22-Sep-2025 08:42 PM

चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने 23 सितम्बर से खरीफ कालीन बाजरा तथा मूंग की खरीद आरंभ करने का निर्णय लिया है। मूंग की खरीद तो सीधे न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जाएगी मगर बाजरा की खरीद भावान्तर भरपाई योजना के तहत होगी। 

हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा जारी एक सर्कुलर के अनुसार किसानों से भावान्तर भरपाई योजना के अंतर्गत 23 सितम्बर से बाजार की खरीद का दायित्व हैफेड तथा हरियाणा राज्य भंडारण निगम को सौंपा गया है। 60 प्रतिशत बाजार हैफेड द्वारा तथा 40 प्रतिशत बाजरा भंडारण निगम द्वारा खरीदा जाएगा।

शुरूआती चरण में बाजरा की खरीद 2150 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी और बाद में किसानों को 625 रुपए प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जाएगा। यह निर्णय काफी सोच-समझकर और किसानों के हित में लिया गया है ताकि उसे अतिरिक्त आमदनी प्राप्त हो सके। 

सर्कुलर के अनुसार 625 रुपए प्रति क्विंटल नियत राशि उन सभी किसानों को प्रदान की जाएगी जो अपना बाजार सरकारी एजेंसियों को अथवा प्राइवेट फर्मों को बेचेंगे। किसानों को इससे होने वाले लाभ के बारे कहा गया है कि यदि व्यापारी 2150 रुपए प्रति क्विंटल से ऊंचे दाम पर बाजरा खरीदता है तब भी किसानों को 625 रुपए प्रति क्विंटल का सरकारी भुगतान प्राप्त होगा।

उदाहरणस्वरूप यदि किसान 2175 रुपए की दर से अपना बाजरा व्यापारियों को बेचता है तो उसे कुल 2800 रुपए प्रति क्विंटल का मूल्य प्राप्त होगा। इसी तरह यदि व्यापारी 2225 रुपए की दर से बाजरा की खरीद करता है तो किसानों को 2850 रुपए (2175+625 रुपए) की वापसी हासिल होगी।

बाजरा का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2775 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित है और यह मूल्य किसानों को हर हाल में प्राप्त होगा। यदि बाजरा भाव 2150 रुपए प्रति क्विंटल से नीचे आएगा तो सरकारी एजेंसिया उसकी खरीद के लिए तैयार रहेगी। बाजरा की खरीद केवल वास्तविक एवं पंजीकृत किसानों से ही की जाएगी और भावान्तर भरपाई के लिए व्यापारियों को बेचे जाने वाले बाजरा की बिक्री का प्रमाण दिखाना होगा। 

मूंग की खरीद केन्द्र सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य 8768 रुपए प्रति क्विंटल पर की गई। पहले 1 अक्टूबर से इसकी खरीद शुरू करने की घोषणा हुई थी मगर अब बाजरा के साथ ही 23 सितम्बर (कल) से इसकी खरीद आरंभ करने का निर्णय लिया गया है।