कनाडा में सामान्य कारोबार के बीच काबुली चना का भाव मजबूत

18-Jun-2026 04:15 PM

टोरंटो। पश्चिमी कनाडा की मंडियों में काबुली चना का भाव अपेक्षाकृत मजबूत बना हुआ है और इसका कारोबार भी सामान्य ढंग से हो रहा है। नंबर 2 क्वालिटी के बड़े दाने वाले काबुली चना का भाव फिलहाल 26 सेंट प्रति पौंड के करीब बताया जा रहा है।

9 मि०मी० या उससे बड़े दाने की 30-40 प्रतिशत उपस्थिति वाले काबुली चना की लॉट का दाम इससे भी ऊपर रहने की संभावना है जबकि इससे हल्की क्वालिटी वाले माल का भाव नीचे चल रहा है। खरीदारों की थोड़ी-बहुत सक्रियता बनी हुई है।

कनाडा में काबुली चना की बिजाई तो जारी है मगर इसकी रफ्तार गत वर्ष से धीमी देखी जा रही है। मौसम की चुनौतियां बरकरार हैं जिससे कुछ क्षेत्रों में बिजाई में देर हो रही है।

इसकी बिजाई का आदर्श समय शीघ्र ही समाप्त होने वाला है जिससे प्रतीत होता है कि वास्तविक क्षेत्रफल पूर्व अनुमान से कुछ पीछे रह सकता है। हाल की वर्षा से फसल को फायदा  हुआ है लेकिन साथ ही साथ कीड़ों-रोगों के प्रकोप का खतरा भी बढ़ गया है। कनाडा में काबुली चना का अच्छा स्टॉक अभी मौजूद है।