खरीफ फसलों का रकबा गत वर्ष से आगे निकला

23-Jun-2026 09:31 AM

नई दिल्ली। यद्यपि गत वर्ष की तुलना में इस बार तिलहन एवं कपास का बिजाई क्षेत्र पीछे चल रहा है लेकिन धान, दलहन, मोटे अनाज तथा गन्ना का क्षेत्रफल आगे होने से खरीफ फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 119.90 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है जो पिछले साल के इसी समय के कुल रकबे 117.95 लाख हेक्टेयर से 1.95 लाख हेक्टेयर ज्यादा है।

केंद्रीय कृषि मंत्रालय के नवीनतम साप्ताहिक आकड़ों के अनुसार पिछले साल की तुलना में चालू खरीफ सीजन के दौरान 19 जून तक राष्ट्रीय स्तर पर धान का उत्पादन क्षेत्र 8.09 लाख हेक्टेयर से उछलकर 12.36 लाख हेक्टेयर, दलहनों का बिजाई क्षेत्र 6.39 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 7.21 लाख हेक्टेयर, मोटे अनाजों का रकबा 9.82 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 12.43 लाख हेक्टेयर तथा गन्ना का क्षेत्रफल 56.64 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 57.31 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया। दूसरी ओर तिलहन फसलों का उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष के 8.11 लाख हेक्टेयर से गिरकर इस बार 7.24 लाख हेक्टेयर तथा कपास का बिजाई क्षेत्र 22.82 लाख हेक्टेयर से घटकर 17.13 लाख हेक्टेयर रह गया।

दलहन फसलों में उम्मीद के विपरीत मूंग की बिजाई में जबरदस्त बढ़ोत्तरी हुई है और इसका रकबा 2.86 लाख हेक्टेयर से उछलकर 4.08 लाख हेक्टेयर हो गया है। अरहर (तुवर) एवं कुल्थी की बिजाई भी कुछ बढ़ी है जबकि उड़द सहित अन्य दलहनों का क्षेत्रफल गत वर्ष से पीछे चल रहा है। मोटे अनाजों में ज्वार एवं मक्का का क्षेत्रफल गत वर्ष से आगे हो गया है। तिलहन फसलों में मूंगफली और सूरजमुखी का बिजाई क्षेत्र तो पिछले साल से आगे है मगर तिल तथा सोयाबीन की बिजाई कम क्षेत्रफल में हुई है।