खरीफ कालीन खाद्यान्न का उत्पादन नियत लक्ष्य से अधिक होने की उम्मीद
23-Sep-2025 07:54 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि आयुक्त का कहना है कि बिजाई क्षेत्र में अच्छी बढ़ोत्तरी होने तथा मानसून की पर्याप्त वर्षा होने से 2025-26 के खरीफ सीजन में खाद्यान्न का सकल उत्पादन सरकार द्वारा नियत लक्ष्य 17,139 करोड़ टन से आगे निकल जाने की उम्मीद है।
इसी तरह दलहनों कर रकबा सामान्य रहने एवं तिलहनों के क्षेत्रफल में कमी आने के बावजूद इसके उत्पादन का परिदृश्य सकारात्मक बना हुआ है। फसल की हालत अच्छी है और उपज दर में वृद्धि हो सकती है।
कृषि आयुक्त के अनुसार मौजूदा खरीफ सीजन में फसलों के सकल बिजाई क्षेत्र के मुकाबले अधिशेष वर्षा एवं बाढ़ से फसलों को मामूली नुकसान हुआ है। उनका कहना था कि फसल की स्थिति संतोषजनक है और खाद्यान्न का उत्पादन नियत लक्ष्य से कम नहीं होगा।
खरीफ फसलों का सकल बिजाई क्षेत्र गत वर्ष आगे निकलते हुए 1100 लाख हेक्टेयर को भी पार कर सकता है जो सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर है। इसका पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल 1097 लाख हेक्टेयर आंका गया है।
इसके तहत खासकर धान एवं मक्का के बिजाई क्षेत्र में शानदार वृद्धि हुई है। यद्यपि कुछ क्षेत्रों में अत्यन्त मूसलाधार बारिश, खेतों में जल-जमाव तथा बाढ़ के प्रकोप से खरीफ फसलों को नुकसान होने की सूचना मिल रही है
लेकिन अत्यन्त विशाल उत्पादक क्षेत्र की तुलना में नुकसान का यह आंकड़ा बहुत छोटा है। बाढ़ का पानी उतरने के बाद ही वास्तविक क्षति का आंकलन संभव हो सकेगा।
हालनकी सोयाबीन के बिजाई क्षेत्र में कमी आई है लेकिन कुल मिलाकर फसल की हालत काफी अच्छी है। दलहनों का भी यही हाल है। दलहन-तिलहन की बची हुई
फसल की उपज दर में अच्छी बढ़ोत्तरी हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में अगैती बिजाई वाली फसलों की कटाई- तैयारी आरंभ हो गई है और अगले महीने से इसकी रफ्तार बढ़ने की उम्मीद है।
