मार्च में खुदरा महंगाई दर घटकर 3.34 प्रतिशत पर आई

16-Apr-2025 03:33 PM

नई दिल्ली। मार्च 2025 में घरेलू खुदरा महंगाई दर कुछ घटकर 3.34 प्रतिशत पर आ गई जो पिछले करीब 6 वर्षों का न्यूनतम स्तर है। सब्जियों तथा प्रोटीन से समृद्ध खाद्य उत्पादों के दाम में गिरावट आने से महंगाई दर में थोड़ी कमी आई है।

उपभोक्ता मूल्य सूचकांक पर आधारित महंगाई की दर फरवरी 2025 में 3.61 प्रतिशत तथा मार्च 2024 में 4.85 प्रतिशत दर्ज की गई थी। इससे पूर्व अगस्त 2019 में खुदरा महंगाई दर 3.28 प्रतिशत दर्ज हुई थी और उसके बाद मार्च 2025 में यह सबसे नीचे रही। 

उपभोक्ता मूल्य सूचकांक में खाद्य महंगाई को एक प्रमुख अवयव माना जाता है। इसकी महंगाई दर फरवरी में 3.75 प्रतिशत रही थी जो मार्च में नरम पड़कर 2.69 प्रतिशत रह गई। मार्च 2024 में यह बढ़कर 8.52 प्रतिशत के उच्च स्तर पर पहुंच गई थी।

मार्च 2025 में अखिल भारतीय स्तर पर जिन पांच प्रमुख उत्पादों की महंगाई दर में मार्च 2024 के मुकाबले सबसे ज्यादा बढ़ोत्तरी दर्ज की गई उसमें नारियल तेल (56.81 प्रतिशत), साबुत नारियल (42.05 प्रतिशत), सोना (34.09 प्रतिशत), चांदी (31.57) प्रतिशत तथा अंगूर (25.55 प्रतिशत) शामिल है। सांख्यिकी एवं योजना क्रियान्वयन मंत्रालय ने यह आंकड़ा जारी किया है। 

दूसरी ओर जिन उत्पादों की महंगाई दर में पिछले साल के मुकाबले मार्च 2025 के दौरान सबसे ज्यादा गिरावट आई उसमें अदरक (सौंठ) (-38.11 प्रतिशत), टमाटर (-34.96 प्रतिशत), फूलगोभी (-25.99 प्रतिशत), जीरा (-25.86 प्रतिशत) तथा लहसुन (-25.22 प्रतिशत) सम्मिलित हैं।

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय के अनुसार मार्च 2025 के दौरान ग्रामीण क्षेत्र में शीर्ष महंगाई दर एवं खाद्य महंगाई दर-दोनों में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।

आरंभिक आंकड़ों से पता चलता है कि ग्रामीण इलाकों में शीर्ष महंगाई दर फरवरी के 3.79 प्रतिशत से घटकर मार्च में 3.25 प्रतिशत तथा खाद्य महंगाई दर 4.06 प्रतिशत से गिरकर 2.82 प्रतिशत रह गई। लेकिन इसके विपरीत शहरी क्षेत्रों में महंगाई दर में बढ़ोत्तरी हो गई।

Latest News