रुपये के मुकाबले बढ़ते डॉलर का दलहन बाजारों पर असर
12-Feb-2025 12:11 PM
रुपये के मुकाबले बढ़ते डॉलर का दलहन बाजारों पर असर
★ 2024 में घरेलू उत्पादन में कमी के कारण दलहन आयात 60 लाख टन से अधिक होकर रिकॉर्ड $3.75 बिलियन तक पहुंच गया। हालांकि, इस वर्ष तुवर, मसूर, चना और मूंग की अच्छी घरेलू फसल को देखते हुए आयात में कमी की संभावना है, जिससे रुपये में गिरावट के बावजूद आयात लागत में अधिक वृद्धि नहीं होगी।
★ यदि रुपया और अधिक कमजोर होता है, तो इसका प्रभाव महत्वपूर्ण हो सकता है, क्योंकि आयात अनुबंध वास्तविक शिपमेंट से कई महीने पहले किए जाते हैं।
~~~~~~~~~~~~
दलहनों की उपलब्धता और आयात
★ देश में घरेलू फसल और आयातित माल को मिलाकर सभी दलहनों की उपलब्धता मांग से अधिक है। अगले वित्त वर्ष में दलहनों का आयात घटने की संभावना जताई जा रही है।
-मसूर आयात: वित्त वर्ष 2023-24 में 16 लाख टन का रिकॉर्ड आयात हुआ, लेकिन चालू वित्त वर्ष (जनवरी 2025 तक) में यह 10.26 लाख टन रह सकता है। पिछले वर्ष समान अवधि में यह 14.77 लाख टन था, यानी इस वर्ष आयात में कमी आई।
-तुवर आयात: अप्रैल से जनवरी 2025 तक 11.27 लाख टन पहुंचने की उम्मीद है, जो पिछले वर्ष इसी अवधि में 6.76 लाख टन था। पूरे पिछले वित्त वर्ष में यह 7.71 लाख टन था।
-उड़द आयात: अप्रैल से जनवरी 2025 तक 6.73 लाख टन पहुंच सकता है, जो पिछले वर्ष इसी अवधि में 5.10 लाख टन और पूरे पिछले वित्त वर्ष में 6.24 लाख टन था।
-चना आयात: जनवरी 2025 में 5.16 लाख टन और अप्रैल से जनवरी 2025 तक 10.57 लाख टन रहने की संभावना है, जबकि पिछले वर्ष समान अवधि में यह 1.39 लाख टन था। पूरे पिछले वित्त वर्ष में आयात 1.64 लाख टन दर्ज किया गया था।
-मटर आयात: दिसंबर 2023 से जनवरी 2025 तक 32.12 लाख टन मटर का आयात हुआ। अप्रैल से जनवरी 2025 के दौरान 20.43 लाख टन मटर आयात हुआ, जबकि सभी दलहनों का कुल आयात 48.72 लाख टन तक पहुंचा।
~~~~~~~~~~~~
★ आई-ग्रेन इंडिया का मानना है कि आगामी वित्त वर्ष 2025-26 में दलहनों का आयात घट सकता है। घरेलू उत्पादन में वृद्धि से बाजार में स्थिरता बनी रह सकती है, जिससे आयात पर निर्भरता कम होने की संभावना है।
