तेलंगाना में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की चेतावनी
16-Apr-2025 01:40 PM
हैदराबाद। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के हैदराबाद स्थित कार्यालय ने तेलंगाना के विभिन्न जिंसों में तेज हवा के प्रवाह एवं गरज-चमक के साथ वर्षा होने की चेतावनी जारी की है।
इस दक्षिणी राज्य में एक मौसम विशेषज्ञ ने भी भद्रादि, खम्माम, महबूबाबाद, मुलुगु, भूपालापल्ली, सूर्यापेट, मदादि, जनगांव तथा वारंगल जिले के कुछ भागों में 15 अप्रैल की शाम एवं रात में भयंकर तूफान आने का अनुमान व्यक्त किया था जो सही साबित हुआ। अब मौसम विभाग ने तेलंगाना में 17 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ बारिश होने तथा तेज हवा चलने का यैलो अलर्ट जारी किया है।
चूंकि मौसम विभाग एवं मौसम विशेषज्ञ ने तेलंगाना के विभिन्न जिलों में आंधी-वर्षा का प्रकोप रहने का अनुमान व्यक्त किया है इसलिए वहां लोगों को सावधान रहने के लिए कहा गया है।
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में 18 अप्रैल तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना व्यक्त की गई है और 16 से 18 अप्रैल के बीच सुबह के समय धुंध की स्थिति रहने का अनुमान है। 15 अप्रैल को वहां हल्की बारिश हुई और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछार पड़ी।
तेलंगाना में अभी रबी कालीन धान के साथ अन्य फसलों की कटाई-तैयारी जारी है। इस आंधी-वर्षा से वहां फसलों को नुकसान हो सकता है। वैसे कुछ इलाकों में पिछैती बिजाई वाली फसल को बारिश से फायदा होने की उम्मीद भी है।
इसके अलावा खेतों की मिटटी में नमी का अंश बढ़ने से कुछ फसलों की अगैती बिजाई करने में सहायता मिलेगी। तेलंगाना में लालमिर्च एवं हल्दी जैसे मसालों का भारी उत्पादन होता है।
निजामाबाद एवं वारंगल तथा खम्माम में इन मसालों का कारोबार बड़े पैमाने पर होता है। मौसम खराब होने पर किसानों को मंडियों में अपना उत्पाद लाने तथा उसकी बिक्री करने में कठिनाई हो सकती है।
