तेलंगाना में उत्पादित चावल की देश-विदेश में बढ़ रही है मांग

25-Nov-2024 05:38 PM

हैदराबाद । तेलंगाना में उत्पादित चावल की मांग न केवल पश्चिम बंगाल, बिहार, तमिलनाडु तथा केरल सहित कुछ अन्य राज्यों में बढ़ती जा रही है बल्कि मलेशिया एवं फिलीपींस सहित एशिया के कई अन्य देशों में भी इसे काफी पसंद किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि सरकारी एजेंसी- भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) तेलंगाना के मिलर्स से चावल प्राप्त करके देश के अन्य राज्यों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के माध्यम से इसकी बिक्री के लिए आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है बल्कि इसका निर्यात भी फिलीपींस तथा कुछ अन्य देशों को करने के लिए तैयार है।

तेलंगाना सरकार को भी फिलीपींस में चावल का निर्यात करने के लिए केन्द्र की अनुमति प्राप्त हो चुकी है। राज्य सरकार कम से कम 10 लाख टन मोटे चावल का निर्यात करने की योजना बना रही है।

एक सप्ताह के अंदर फिलीपींस के साथ एक आधिकारिक करार पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। इसके अलावा मोटे चावल की आपूर्ति के लिए अन्य देशों के साथ भी बातचीत जारी है। 

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मलेशिया तथा इंडोनेशिया के साथ-साथ एशिया महाद्वीप के कई अन्य देश भी तेलंगाना से चावल की खरीद में जबरदस्त दिलचस्पी दिखा रहे हैं जिससे जल्दी ही उन देशों के साथ अनुबंध होने के आसार हैं।

तेलंगाना देश के अग्रणी चावल उत्पादक राज्यों में शामिल है और केन्द्रीय पूल में भी इस खाद्यान्न का महत्वपूर्ण योगदान देता है। 

लेकिन राज्य सरकार तथा नागरिक आपूर्ति निगम चावल निर्यात के अनुबंधों के विवरण को गुप्त रखने का प्रयास कर रहे हैं क्योंकि चावल के वैश्विक निर्यात बाजार में जबरदस्त प्रतिस्पर्धा का माहौल बना हुआ है और जब तक अनुबंधों के अनुरूप माल की डिलीवरी नहीं हो जाती तब तक इसका खुलासा करना खतरनाक साबित हो सकता है।

दरअसल जून 2024 में तेलंगाना की राजधानी- हैदराबाद में ग्लोबल राइस सम्मिट का आयोजन हुआ था और उसमें कई देशों ने तेलंगाना से चावल खरीदने की इच्छा व्यक्त की थी।

उसके बाद से द्विपक्षीय बातचीत का सिलसिला आरंभ हो गया था। इस सम्मिट में भाग लेने आए विदेशी प्रतिनिधियों को नागरिक आपूर्ति निगम के चेयरमैन ने तेलंगाना में उत्पादित शीर्ष क्वालिटी के चावल का नमूना दिखाया था जिससे वे काफी प्रभावित हुए थे।

चेयरमैन का कहना है कि यदि इन अनुबंधों-करारों में कोई बाधा उत्पन्न नहीं होती है तो तेलंगाना देश के अग्रणी चावल निर्यातक राज्यों की सूची में शामिल हो सकता है।